Big Breaking: मिलन ढाबे पर खूनी गैंगवार, 4 लोगों की हत्या
रोहतक में खूनी गैंगवार: ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, चार युवकों की हत्या; पुलिस चौकी से महज 50 कदम दूर वारदात
चंडीगढ़
हरियाणा के रोहतक जिले में शुक्रवार रात एक ढाबे पर खूनी गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने चार युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, चारों युवक ढाबे पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से तीन युवकों की मौके पर ही खाने की टेबल पर मौत हो गई, जबकि चौथा युवक जान बचाकर भागने लगा। हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे लगातार गोलियां मारते रहे। बताया जा रहा है कि युवक की मौत होने तक बदमाश उस पर फायरिंग करते रहे।
अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवकों की हत्या करने के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए कई मिनट तक घटनास्थल पर घूमते रहे और फिर कार में सवार होकर फरार हो गए।
ढाबा मालिक की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर, विनित पुत्र जयबीर और गंजू, तीनों निवासी गांव डीघल, तथा हिमांशु पुत्र राजबीर निवासी बेरी के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक तौर पर इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके अलावा डीघल गांव में पिछले दिनों हुए एक युवक के मर्डर से भी इस घटना के तार जुड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
