जीआईएमटी कॉलेज बुढलाडा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
जीआईएमटी कॉलेज बुढलाडा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
बुढलाडा, 21 जून 2026- जीआईएमटी कॉलेज, बुढलाडा में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस बड़े उत्साह एवं श्रद्धा भाव से मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने योग एवं प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया।
कॉलेज के चेयरमैन डॉ. नवीन सिंगला ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग एवं प्राणायाम को अपनाना समय की प्रमुख आवश्यकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए भी प्रेरित किया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रेखा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग एवं प्राणायाम के महत्व से अवगत कराया तथा कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और आध्यात्मिक रूप से शांत बनाता है।
विश्व संगीत दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा गायन एवं संगीत से संबंधित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित श्रोताओं ने भरपूर सराहा। कार्यक्रम के दौरान भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

