भीषण सड़क हादसा: हाईवे के गड्ढे ने ली 5 श्रद्धालुओं की जान, बस से टकराकर चकनाचूर हुई कार
महाराष्ट्र के बीड में भीषण सड़क हादसा: हाईवे के गड्ढे ने ली 5 श्रद्धालुओं की जान, बस से टकराकर चकनाचूर हुई कार
बीड:
महाराष्ट्र के बीड जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पंढरपुर-खामगांव हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार और एसटी बस (ST Bus) की आमने-सामने की भीषण टक्कर में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे की मुख्य वजह हाईवे पर बना एक बड़ा गड्ढा है। माजलगांव-तेलगांव रोड पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक एक गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे में पहिया जाते ही चालक ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे अनियंत्रित होकर कार सीधे सामने से आ रही एसटी बस से जा टकराई। जब तक बस ड्राइवर कुछ समझ पाता और ब्रेक लगाता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ खौफनाक मंजर
इस पूरी दुर्घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे गड्ढे की वजह से असंतुलित हुई कार अचानक बस के ठीक सामने आ जाती है और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो जाती है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग स्विफ्ट कार में सवार होकर तुलजापुर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इस भयानक टक्कर में कार में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राहत की बात यह है कि एसटी बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया।

